सिंगरौली पहुंचे CM शिवराज, कहा- संत रविदास स्मारक का शिलान्यास करने 12 अगस्त को आएंगे PM मोदी
मध्य प्रदेश के सागर में संत रविदास का मंदिर और स्मारक बनाया जाएगा। इस पर 102 करोड़ रुपये की लागत आएगी। 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मंदिर और स्मारक का शिलान्यास करेंगे।
यह बात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगरौली में कही। वे सिंगरौली के सरई में 'मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना' अंतर्गत वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले बैढ़न में संत शिरोमणि रविदास जी स्मारक निर्माण हेतु समरसता यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने बैढ़न में कहा कि मैंने आठ फरवरी को सागर में घोषणा की थी कि वहां संत रविदास जी का 102 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर और स्मारक बनाया जाएगा। आज अलग-अलग जगह से पांच यात्राएं निकल रही हैं। ये यात्राएं समरसता का मार्ग बताएंगी। हर गांव से एक मुट्टी माटी और जल लेंगे। 53 हजार गांवों से माटी और 315 नदियों का जल लेकर मंदिर निर्माण समरसता यात्राएं 12 अगस्त को सागर पहुंचेंगी। यात्रा के दौरान संत रविदास जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित रथ भी चलेगा। उनका चित्र रहेगा, उनकी पादुका रहेगी और कलश भी रहेगा, जिसका जगह-जगह पूजन होगा।
नागर शैली में बनेगा भव्य स्मारक
शिवराज ने कहा कि भव्य स्मारक नागर शैली में बनेगा। संत रविदास जी के दोहे और शिक्षाएं उकेरी जाएंगी। उनके व्यक्तित्व और जो उन्होंने काम किया है उसका भी वहां उल्लेख किया जाएगा। इसमें जो पहली गैलरी होगी, महान जीवन को दर्शाने का काम होगा। संत रविदास जी का म्यूजियम बनाएंगे। इसकी गैलरी में उनके महान जीवन को दर्शाया जाएगा। भक्ति मार्ग और निर्गुण पंथ में जो योगदान है उस योगदान को दिखाया जाएगा। तीसरी गैलरी में संत रविदास जी के दर्शन का और विभिन्न मतों पर प्रभाव, रविदास पंथ के प्रभाव के बारे में बताया जाएगा। चौथी गैलरी उनके काव्य, साहित्य और समकालीन विवरण को समर्पित होगी। लाइब्रेरी बनेगी, संगत हाल बनेगा, कुंड बनेगा, स्मारक के समीप जल कुंड का निर्माण किया जाएगा, भक्त निवास बनेगा, भोजन की व्यवस्था होगी।

